आरबीआई डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का लोकार्पण किया : प्रधानमंत्री।

utkalnews7
By
0

‘माइंड से माइक्रो चिप्‌.. नया भविष्य लिखेगा ओडिशा’: प्रधानमंत्री ।

भुवनेश्वर : भुवनेश्वर में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना पूर्वी भारत के विकास का एक उदाहरण है । ओडिशा आने वाले दिनों में ‘माइंड’ से ‘माइक्रो चिप्‌’ तक तैयार करके एक नया भविष्य लिखने जा रहा है । ओडिशा के युवाओं ने जो बड़े सपने देखे हैं, वे निश्चित रूप से पूरे होंगे ।’ यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कही । रविवार को खुर्दा इन्फो वैली स्थित आरबीआई के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का लोकार्पण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, भारत में गवर्नेंस का दृष्टिकोण बदल गया है । विकास का लाभ अब भारत के सभी वर्गों के लोगों तक पहुंच रहा है । एक समय था जब विकास का मतलब केवल कुछ बड़े शहरों से ही होता था । लेकिन २०१४ के बाद सरकार का दृष्टिकोण पूरी तरह बदल गया है । सरकार अब ‘नागरिक देवो भवः’ की नीति अपना रही है । कांग्रेस का सीधे तौर पर नाम लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, २०१४ से पहले देश की बैंकिंग व्यवस्था अलग थी । एक खास परिवार के लोगों के फोन करने पर बैंक वाले उन्हें करोड़ों रुपये का लोन उपलब्ध करा देते थे । लेकिन गरीबों को बैंक में खाता खोलने के लिए गारंटर देना पड़ता था । हालांकि २०१४ के बाद देश के बैंकिंग क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है । डिजिटल बैंकिंग के जरिए भारत के सभी नागरिकों तक अब बैंकिंग व्यवस्था पहुंच गई है । वर्तमान में देश में ४९ करोड़ जनधन खाते खोले जा चुके हैं । मुद्रा योजना के तहत १३ करोड़ लोग उद्यमी बने हैं, जबकि १० करोड़ स्वयं सहायता समूहों को करोड़ों रुपये की ऋण सहायता उपलब्ध कराई गई है । देश के ९ करोड़ लोगों को अटल पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है, जिनमें ओडिशा के ३८ लाख लोग शामिल हैं । देश पर होने वाले आर्थिक और साइबर हमलों के बारे में अपनी राय रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, अब युद्ध केवल हथियारों से नहीं लड़े जा रहे हैं, देश को आर्थिक रूप से कमजोर करके, साइबर अटैक करके देश के साथ युद्ध लड़ा जा रहा है । ओडिशा में रिजर्व बैंक का यह डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा संस्थान आने वाले दिनों में देश के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा । इस कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री जुएल ओराम, रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा, उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिड़ा, कनक वर्धन सिंहदेव, भुवनेश्वर की सांसद अपराजिता षडंगी प्रमुख रूप से मंच पर उपस्थित थे । प्रधानमंत्री दोपहर बाद भुवनेश्वर के बीजू पटनायक हवाई अड्डे पर उतरने के बाद विशेष वायुसेना हेलीकॉप्टर से खुर्दा इन्फो वैली गए थे । वहां कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया था ।


Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*